गंगा का जलस्तर घटने के बावजूद दियारा में संक्रमण का खतरा

 


भागलपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। जिले के शहरी क्षेत्र और इसके आस-पास के इलाकों में शुक्रवार सुबह तेज धूप और अत्यधिक उमस ने लोगों को काफी परेशान किया। हालांकि, दोपहर बाद मौसम विभाग द्वारा गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी होने से मौसम का मिजाज बदला है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर मध्यम बारिश जारी रहेगी। दूसरी तरफ, जिले में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। इसके बावजूद, अकबरनगर और सबौर के दियारा इलाकों के निचले हिस्सों में अभी भी बाढ़ का पानी जमा है। पानी रुकने की वजह से प्रभावित गांवों में गंदगी, दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है, जिससे जलजनित बीमारियों और संक्रमण का खतरा पैदा हो गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। प्रभावित पंचायतों में ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव, फॉगिंग और मेडिकल कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बाढ़ जनित महामारियों को समय रहते रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर