रेतुआ नदी में बढ़े जलस्तर से बहा डायवर्सन, हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित

 


किशनगंज, 11 जून (हि.स.)। जिले में टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के धवेली पंचायत अंतर्गत लोधाबाड़ी स्थित रेतुआ नदी में जलस्तर बढ़ने से निर्माणाधीन आरसीसी पुल के समीप बनाया गया अस्थायी डायवर्सन बह गया है।

डायवर्सन के क्षतिग्रस्त हो जाने से क्षेत्र के हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार नेपाल क्षेत्र में हुई लगातार बारिश के कारण रेतुआ नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नदी में तेज बहाव आने से निर्माणाधीन पुल के पास बनाया गया अस्थायी डायवर्सन पानी की चपेट में आकर बह गया।

यह डायवर्सन आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन था। ग्रामीणों ने बताया कि डायवर्सन बह जाने के बाद लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं कुछ लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं। इसका सबसे अधिक असर बाजार आने-जाने वाले लोगों, स्कूली छात्रों, किसानों, मजदूरों तथा मरीजों पर पड़ रहा है।

आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है। बताया जाता है कि रेतुआ नदी पर आरपी कंस्ट्रक्शन द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से आरसीसी पुल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पुल निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है, जिसके कारण लोगों की सुविधा के लिए अस्थायी डायवर्सन बनाया गया था। पुल निर्माण में हो रही देरी के कारण यही डायवर्सन ग्रामीणों के लिए आवागमन का एकमात्र साधन बन गया था।

डायवर्सन के बह जाने से नदी के दोनों किनारों पर बसे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी से रेतुआ नदी में अस्थायी रूप से नाव संचालन की व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पुल निर्माण कार्य पूरा होने तक नाव ही लोगों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकती है। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने की भी मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह