अवैध बालू परिवहन मामले में चौकीदार निलंबित, बेटे पर हादसे का आरोप
किशनगंज, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पहाड़कट्टा थाना में पदस्थापित चौकीदार नूरमोहम्मद को कर्तव्य के विपरीत आचरण के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर अपने पुत्र द्वारा अवैध रूप से बालू परिवहन कराए जाने और इससे राजस्व को क्षति पहुंचाने का आरोप है।
मामला पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के शीतलपुर मोड़ के पास हुए एक सड़क हादसे से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर परिवहन करते हुए जा रहा था। इसी दौरान डायल-112 की गाड़ी को देखकर चालक भागने लगा और लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई।
थानाध्यक्ष पहाड़कट्टा की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में ट्रैक्टर चालक की पहचान नदीम के रूप में हुई, जो निलंबित चौकीदार नूरमोहम्मद का पुत्र है। जांच में यह भी सामने आया कि नदीम पूर्व से ही अवैध बालू खनन व परिवहन में संलिप्त था और इसमें उसके पिता की मिलीभगत या संरक्षण की आशंका है।
पुलिस ने चौकीदार नूरमोहम्मद के इस कृत्य को गंभीर लापरवाही, कर्तव्यहीनता एवं अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्हें सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
मामले की विस्तृत जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, किशनगंज मंगलेश कुमार सिंह को तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्ट आचरण के प्रति ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति अपनाई गई है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह