मतदाता सूची: खारिज आवेदनों पर डीएम ने की अपील की सुनवाई, ईआरओ को दिए निर्देश
कटिहार, 20 अगस्त (हि.स.)। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन अथवा संशोधन के अस्वीकृत आवेदनों के विरुद्ध दायर प्रथम अपील पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी (डीएम) ने सुनवाई की। समाहरणालय में आयोजित इस सुनवाई के दौरान कदवा और प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े अपीलवादों की समीक्षा करते हुए संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, कटिहार जिले के 64-कदवा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से 02 और 66-प्राणपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से 02 अपीलें प्राप्त हुई थीं। जिला पदाधिकारी द्वारा इन सभी मामलों पर सम्यक सुनवाई की गई तथा आवेदनों के नियमानुसार त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, बिहार द्वारा इरोनेट पोर्टल पर प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के निष्पादन के क्रम में यह व्यवस्था की गई है। इसके तहत यदि संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा किसी आवेदक का फॉर्म अस्वीकृत कर दिया जाता है, तो आवेदक को पोर्टल के माध्यम से सीधे जिला निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष प्रथम अपील दायर करने की सुविधा प्राप्त है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह