विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद् के 35 रक्तवीरों ने किया रक्तदान

 


सीवान, 28 जून (हि.स.)। जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद्, सीवान के तत्वावधान में रविवार को महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

सेवा और समर्पण की भावना से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जागरूकता अभियान के बाद 35 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

शिविर के आयोजन में भारत विकास परिषद्, देशरत्न शाखा, सिवान तथा प्रभा कम्पोनेन्ट ब्लड सेंटर, सिवान का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। पूर्व छात्र परिषद्, सीवान के संयोजक समर प्रताप सिंह ने बताया कि शिविर में विद्यालय के पूर्व छात्रों सहित 75 लोगों ने भाग लिया।

प्रतिभागियों को रक्तदान के महत्व, उसके स्वास्थ्य लाभ तथा जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में उसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जागरूकता के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

पूर्व छात्र परिषद्, उत्तर बिहार प्रांत के मार्गदर्शक अनिल कुमार राम ने कहा कि विद्या भारती के पूर्व छात्र शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से आयोजित यह रक्तदान शिविर पूरी तरह सफल रहा। ऐसे आयोजन लोगों में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं तथा युवाओं को रक्तदान जैसे महादान के लिए प्रेरित करते हैं।

रक्तदान शिविर का शुभारंभ विद्या भारती के सिवान विभाग निरीक्षक एवं पूर्व छात्र परिषद् के प्रांतीय मार्गदर्शक अनिल कुमार राम, संयोजक समर प्रताप सिंह, भारत विकास परिषद्, देशरत्न शाखा के अध्यक्ष रोहित कुमार, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार, विद्या भारती, बिहार के प्रचार-प्रसार संयोजक नवीन सिंह परमार तथा अभिभावक दंपति अमित कुमार सिंह एवं गिन्नी सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शिविर में अनिल कुमार राम, समर प्रताप सिंह, रोहित सिंह, ईदल कुमार सिंह, आकाश कुमार अग्रवाल, डॉ. विपुल कुमार, अर्पित कुमार सिंह, अमित कुमार, गिन्नी सिंह, प्रीति सिंह, डॉ. हरदीप सिंह, सत्यम कुमार, जिउत कुमार चक्रवर्ती, अतुल कुमार श्रीवास्तव, भास्कर कुमार, रोहित कुमार परमार, विवेक कुमार यादव, सौरभ कुमार, त्रिभुवन प्रसाद, हृत्विक कुमार, रवि कुमार श्रीवास्तव, अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, श्रवण सिंह, डॉ. संजय सिंह, रंजीत कुमार सिंह, रूपेश कुमार सिंह एवं रवींद्र राय सहित कुल 35 रक्तवीरों ने रक्तदान कर समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma