‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘लोकल टू ग्लोबल’ की ओर बढ़ रहा बिहार : संजय सरावगी

 

पटना, 08 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मिथिला मखाना के ऑस्ट्रेलिया निर्यात पर प्रसन्नता जताते हुए इसे बिहार के किसानों और स्थानीय कृषि उत्पादों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

उन्होंने कहा कि मिथिला की मिट्टी की खुशबू अब ऑस्ट्रेलिया तक पहुंच रही है। जीआई टैग प्राप्त मिथिला मखाना ने वैश्विक बाजार में एक और शानदार उपलब्धि दर्ज की है।

संजय सरावगी ने कहा कि बिहार से पहली बार 18 मीट्रिक टन मिथिला मखाना समुद्री मार्ग से ऑस्ट्रेलिया निर्यात किया गया है। यह उपलब्धि केवल मखाने के वैश्विक बाजार तक पहुंचने की कहानी नहीं है, बल्कि बिहार के किसानों की मेहनत, मिथिला की पहचान और राज्य के स्थानीय उत्पादों की बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि इस पूरी पहल में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। इसकी खास बात यह है कि निर्यात के लिए मखाना दरभंगा के किसानों से सीधे खरीदा गया। इससे किसानों को बाजार मूल्य की तुलना में करीब 18 प्रतिशत अधिक लाभ प्राप्त हुआ है। यह व्यवस्था किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान के अनुरूप बिहार के स्थानीय उत्पाद अब ‘लोकल टू ग्लोबल’ की यात्रा तय कर रहे हैं। मिथिला मखाना इसका शानदार उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि मिथिला का मखाना अब दुनिया के विभिन्न बाजारों में अपनी पहचान बना रहा है। समुद्री मार्ग से ऑस्ट्रेलिया तक इसकी पहली बड़ी खेप का पहुंचना किसानों, कृषि क्षेत्र और बिहार की अर्थव्यवस्था के लिए उत्साहजनक संकेत है।

संजय सरावगी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध होने से किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बिहार की कृषि अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए मिथिला के किसानों को बधाई देते हुए कहा कि मिथिला मखाना आने वाले समय में बिहार की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त