सीईसी के खिलाफ विपक्षी दलों का विरोध मार्च,किया गया पुतला दहन
अररिया 08 अक्टूबर(हि.स.)। जिला मुख्यालय में विपक्षी दलों वाली आईएनडीआईए गठबंधन की ओर से विरोध मार्च निकाला गया। यह मार्च वोट चोरी के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला गया। इसमें कांग्रेस, राजद, माले सहित कई दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
मार्च सुभाष स्टेडियम से शुरू हुआ। कार्यकर्ता तख्तियां और झंडे लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारे लगाते हुए आगे बढ़े। मार्च एडीबी चौक होते हुए चांदनी चौक पहुंचा,जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर विरोध किया गया।
इसके बाद मार्च समाहरणालय स्थित डीएम कार्यालय पहुंचा। यहां गठबंधन नेताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें बताईं। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों की जांच और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
नेताओं ने कहा कि चुनाव में पारदर्शिता लोकतंत्र के लिए जरूरी है। प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मासूम रेजा, महिला जिलाध्यक्ष गुलशन आरा,राजद जिलाध्यक्ष अविनाश आनंद,नरपतगंज राजद प्रत्याशी मनीष यादव,भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के करण कुमार पप्पू,इरशाद सिद्दीकी,आबिद हुसैन अंसारी समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए। मार्च को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर