दवा नहीं मिलने की शिकायत का वीडियो वायरल करना पड़ा महंगा

 


सुपौल, 17 जुलाई (हि.स.)। राघोपुर रेफरल अस्पताल में दवा नहीं मिलने की शिकायत को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने और चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में एक व्यक्ति के विरुद्ध राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अस्पताल प्रशासन के आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 15 जुलाई को अस्पताल में दवा नहीं मिलने की शिकायत को लेकर नारायणपुर निवासी शिव शंकर मेहता अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद घटना का वीडियो बनाकर फेसबुक और यूट्यूब पर वायरल कर दिया, जिसमें अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी भी की गई।

रेफरल अस्पताल राघोपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने इस मामले को लेकर राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। आवेदन में कहा गया है कि वायरल वीडियो और अभद्र व्यवहार से अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों में आक्रोश है तथा इससे सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई है।

पुलिस ने आवेदन के आधार पर राघोपुर थाना कांड संख्या 267/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र