आंगनबाड़ी की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
भागलपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। जिले के पीरपैंती प्रखंड की बाखरपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या 11 में आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 85 की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा।
ग्रामीणों ने केंद्र को बिना किसी सूचना के दूसरे वार्ड में मर्ज करने और पिछले तीन महीनों से पोषाहार और पका भोजन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व सेविका के निधन के बाद बिना किसी सार्वजनिक सूचना या जनप्रतिनिधियों को बताए केंद्र को पड़ोसी वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया।
ग्रामीण प्रियंका देवी, नीलम देवी समेत अन्य महिलाओं ने बताया कि गांव में केंद्र बंद होने से बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषाहार पूरी तरह बंद है।
प्रभारी सेविका रीता देवी ने बताया कि पंचायत भवन जर्जर होने और सहायिका के असहयोग के कारण दिक्कत आ रही है। साथ ही विभाग से पिछले 3 महीने से पोषाहार की आपूर्ति नहीं हुई है। वार्ड सदस्य प्रतिनिधि जुलूस तांती और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर वार्ड संख्या 11 में केंद्र को दोबारा शुरू करने और लंबित पोषाहार के तुरंत वितरण की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर