नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने उठाया कदम, कारोबारियों और सेवन करने वालों को दी चेतावनी

 




सुपौल, 20 सितंबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के दीनापट्टी पंचायत के देवीपट्टी-बथनाहा में नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने एकजुट होकर अभियान चलाने का निर्णय लिया है। देवीपट्टी-बथनाहा स्थित रामजानकी ठाकुरवाड़ी मंदिर परिसर में आयोजित पंचायत की बैठक में सैकड़ों ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मुखिया प्रतिनिधि कारी प्रसाद यादव एवं सूर्यनारायण यादव ने की। मौके पर सरपंच प्रतिनिधि बबलू कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने कहा कि शराब, स्मैक, गांजा, नशीली सुई समेत अन्य मादक पदार्थों के सेवन से युवाओं के भविष्य के साथ-साथ परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

बैठक में वार्ड संख्या 9, 10 और 11 के प्रत्येक घर से बुजुर्ग अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बुजुर्गों के मार्गदर्शन में क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए कई सामूहिक निर्णय लिए गए। ग्रामीणों ने नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की।

सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय

बैठक में निर्णय लिया गया कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने वाले व्यक्ति को 1,100 रुपये नगद पुरस्कार दिया जाएगा तथा उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। वहीं, ग्रामीण स्तर पर तय किए गए नियमों के अनुसार नशीले पदार्थों की बिक्री करते पकड़े जाने वाले कारोबारी पर 51 हजार रुपये और नशे का सेवन करने वाले व्यक्ति पर 2,500 रुपये का सामुदायिक दंड लगाने का निर्णय लिया गया।

ग्रामीणों ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को केवल एक बैठक तक सीमित नहीं रखा जाएगा। लगातार जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में मुखिया प्रतिनिधि कारी प्रसाद यादव, सरपंच प्रतिनिधि बबलू कुमार यादव, सूर्यनारायण यादव, केशव यादव, दिनेश यादव सहित कई ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र