वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-II को लेकर सुपौल में समीक्षा बैठक

 




सुपौल, 17 अप्रैल (हि.स.)। समाहरणालय परिसर स्थित लहटन चौधरी सभागार में शुक्रवार को डीएम सावन कुमार की अध्यक्षता में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-II के तहत चयनित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलास्तरीय समिति के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि बसंतपुर प्रखंड के 27 तथा निर्मली प्रखंड के 3 गांवों में चयनित योजनाओं के लिए मॉडल गांव की अवधारणा के आधार पर अनापत्ति प्रमाण-पत्र और प्राक्कलन जल्द तैयार किया जाए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि चयनित गांवों के समग्र विकास के लिए विभागों के बीच समन्वय बनाकर योजनाओं को समय पर पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी बसंतपुर एवं निर्मली, अनुमंडल पदाधिकारी बसंतपुर और निर्मली सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र