पीएम मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा से राष्ट्रसेवा की यात्रा को समर्पित होगी विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा

 


अररिया 06 अक्टूबर(हि.स.)।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक की गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादाई यात्रा को समर्पित है विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा।जिसका आयोजन बुधवार को अररिया में किया जाएगा।

इस आयोजन में बड़ी संख्या में आमजनों के साथ भाजपा कार्यकर्ता एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग सहभागी बनेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे विजय वंदना मैरेज हॉल के बगल स्थित सभा स्थल से होगी। इसके उपरांत सेवा ज्योति यात्रा सभा स्थल से सेवा ज्योति चौक तक निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।

सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन देश के प्रति समर्पण, सेवा और राष्ट्र निर्माण की अद्भुत यात्रा है। जनसेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाकर प्रधानमंत्री ने देश को नई दिशा और नई गति दी है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भर भारत से लेकर विकसित भारत के संकल्प तक उनकी यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

सांसद ने अररिया के लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि विकसित भारत केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक आकांक्षा है।

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों की जनसेवा से राष्ट्रसेवा की यात्रा ने देश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा, यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की उस भावना को जन-जन से जोड़ने का अवसर है, जिसने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प मजबूत किया है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा विकसित भारत के संकल्प की प्रतीक बनेगी और अररिया के लोग इसमें उत्साहपूर्वक सहभागी होकर प्रधानमंत्री की सेवा एवं राष्ट्र निर्माण की यात्रा के प्रति अपना समर्थन और संकल्प व्यक्त करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर