विक्रमशिला सेतु की मरम्मत में तेजी: तीन क्षतिग्रस्त स्लैबों पर सरिया बिछाने का काम पूरा

 


भागलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर और पूर्वी बिहार की लाइफलाइन माने जाने वाले भागलपुर और नवगछिया को जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन और मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। महीनों से आवागमन की समस्या झेल रहे लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पुल के चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों पर भारी स्टील गर्डर लगाने के बाद निर्माण एजेंसी ने तीन क्षतिग्रस्त स्लैबों पर सरिया बिछाने का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। ताजा प्रगति के तहत एजेंसी द्वारा अब बरारी की तरफ से गर्डरों पर सरिया बिछाने का काम तेजी से किया जा रहा है, जिसके लिए फुटपाथ के आवश्यक हिस्से को काटकर कार्य को आगे बढ़ाया गया है। दूसरी ओर, नवगछिया छोर पर सेंट्रिंग की प्रक्रिया के साथ-साथ फुटपाथ और रेलिंग निर्माण का कार्य भी समानांतर रूप से जारी है। निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग ने आगामी 31 दिसंबर तक पुल के शेष सभी निर्माण और मरम्मत कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। स्लैबों पर सरिया बिछने के बाद अब दिसंबर महीने में कंक्रीट ढलाई का काम शुरू होगा, जिसमें सबसे पहले गंगा में गिरे मुख्य हिस्से की ढलाई की जाएगी। कार्य पूरा होने के बाद पुल की मजबूती जांचने के लिए 180 टन के भारी वाहन को चलाकर लोड टेस्ट किया जाएगा। प्रशासन की योजना है कि सभी तकनीकी जांच पूरी करने के बाद 14 जनवरी (मकर संक्रांति) तक सेतु को बड़े और भारी वाहनों सहित सामान्य यातायात के लिए पूरी तरह खोल दिया जाए। उल्लेखनीय है कि मई 2026 के पहले सप्ताह में पिलर संख्या 133 के पास तकनीकी खराबी और एक स्पैन का हिस्सा गंगा में गिर जाने के कारण 4.7 किलोमीटर लंबे इस पुल पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इसके बाद से भागलपुर, नवगछिया, बांका और आसपास के जिलों के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरम्मत कार्य के अंतिम चरण में पहुंचने से क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों में जल्द आवागमन बहाल होने की उम्मीद जगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर