अंतिम चरण में विक्रमशिला सेतु की मरम्मत, चौथे क्षतिग्रस्त हिस्से में भी शुरू हुई स्टील गर्डर की लॉन्चिंग

 


भागलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर और पूर्वी बिहार को जोड़ने वाली जीवनरेखा माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु के जीर्णोद्धार कार्य को लेकर आम लोगों और व्यापारियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है।

पुल की मरम्मत का काम अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। कार्य एजेंसी एसपी सिंगला के अभियंताओं और तकनीकी टीम ने शनिवार को बरारी पुल घाट के समीप सेतु के चौथे और अंतिम क्षतिग्रस्त हिस्से में भी पहला भारी-भरकम स्टील गर्डर सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया।

पुल के कुल चार क्षतिग्रस्त स्पैन की मरम्मत के लिए प्रत्येक हिस्से में दो-दो यानी कुल आठ स्टील गर्डर लगाए जा रहे हैं। तीन हिस्सों में पहले ही गर्डर स्थापित किए जा चुके थे। चौथे हिस्से में एक तरफ का गर्डर लगने के बाद अब दूसरे और अंतिम गर्डर को सोमवार तक लॉन्च करने की तैयारी है। इसके साथ ही पूरे पुल पर स्टील गर्डर लॉन्चिंग का महत्वपूर्ण तकनीकी चरण समाप्त हो जाएगा।

निर्माण एजेंसी और पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं के अनुसार, मरम्मत कार्य के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की गई है दूसरा गर्डर स्थापित होते ही चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों पर लोहे की चादरें बिछाकर और सरिया का जाल बांधकर आरसीसी स्लैब की ढलाई शुरू कर दी जाएगी।

विभाग ने 15 दिसंबर तक सभी चारों स्पैन की ढलाई पूरी करने का लक्ष्य रखा है। पुल का वजन कम करने के लिए पुरानी भारी कंक्रीट रेलिंग और फुटपाथ को काटकर हटाया जा रहा है, जिसकी जगह हल्की व मजबूत स्टील रेलिंग लगाई जाएगी। तकनीकी मानकों के अनुसार, स्लैब ढलाई के बाद कंक्रीट की मजबूती के लिए 28 दिनों की क्योरिंग की जाएगी।

इसके पश्चात विशेषज्ञों की देखरेख में पुल की भार क्षमता का परीक्षण (लोड टेस्ट) होगा और जनवरी के मध्य तक सेतु पर विधिवत यातायात बहाल होने की उम्मीद है। वर्तमान में सेतु पर आवागमन बाधित होने के कारण लोगों को नावों और वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे माल ढुलाई और दैनिक यात्रा में काफी कठिनाई हो रही है। युद्धस्तर पर चल रहे इस कार्य से जल्द ही भागलपुर, नवगछिया, पूर्णिया और कोसी-सीमांचल के बीच सीधा सड़क संपर्क फिर से सुगम हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर