एक अक्टूबर से बंद होगा विक्रमशिला सेतु, बेली ब्रिज का काम शुरू
भागलपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। गंगा नदी के जलस्तर में गिरावट के साथ ही बहुप्रतीक्षित विक्रमशिला सेतु के मरम्मत की प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां तेज हो गई हैं। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आगामी 1 अक्टूबर से सेतु पर बेली ब्रिज निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा। इस महापरियोजना को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक भारी उपकरण और स्ट्रक्चरल सामग्री पंजाब और हरियाणा से विशेष वाहनों के जरिए भागलपुर पहुंच चुके हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा की गई समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को हर हाल में जनवरी तक मरम्मत का काम पूरा करने का कड़ा लक्ष्य दिया गया है। वहीं मरम्मत कार्य के दौरान पुल पर यातायात पूरी तरह या आंशिक रूप से प्रभावित होने की संभावना है। आम जनता को नदी पार करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। मरम्मत अवधि के दौरान लोग 7 विशेष यात्री जहाजों के जरिए गंगा नदी को पार कर सकेंगे। जिला प्रशासन जल्द ही इन जहाजों के परिचालन का रूट और समय सारणी जारी करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर