अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विकास शिविर का हुआ उद्घाटन
Bihar, 01 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा ग्रीष्मकालीन कार्यक्रम के तहत भगिनी निवेदिता व्यक्तित्व विकास शिविर का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यक्रम प्रमुख आशी देव ने किया। सर्वप्रथम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध चिकित्सक एवं समाज सेवी डॉक्टर मनोज कुमार सिंह, विद्यार्थी परिषद की प्रांत उपाध्यक्ष डॉ स्मिता झा, प्रांत सह मंत्री अनुपम कुमार झा, प्रांत सह छात्रा प्रमुख शालू कुमारी एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशी देव के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत सह छात्रा प्रमुख शालू कुमारी ने बताया कि भगिनी निवेदिता व्यक्तित्व विकास शिविर विगत 4 वर्षों से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के द्वारा महिला महाविद्यालय समस्तीपुर में आयोजित किया जाता है। वहीं प्रांत सहमंत्री अनुपम कुमार झा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल समस्या गिनाने वाला संगठन नहीं परंतु अपने रचनात्मक कार्यों से छात्रों के भविष्य को संवारने का काम भी करती है ज्ञान शील एकता के मूल मंत्र पर चलकर विद्यार्थी परिषद इस भगिनी निवेदिता व्यक्तित्व विकास शिविर के माध्यम से छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाकर स्वरोजगार से जोड़ रही है।
वहीं प्रांत उपाध्यक्ष डॉक्टर स्मिता झा ने शिविर के बारे में बताते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों के रुचि के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।
इस शिविर में छात्राओं को सिलाई, कढ़ाई, संगीत, मिथिला पेंटिंग, ब्यूटी पार्लर, इंग्लिश स्पोकन, योग, पत्रकारिता, नृत्य एवं व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्य अतिथि डॉ मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम अतुलनीय है, इसकी जितनी प्रशंसा की जाए वो कम है।
उन्होंने आगे कहा कि बेटियों, याद रखो, तुम सिर्फ एक डिग्री लेने नहीं आई हो, तुम भारत का भविष्य गढ़ने आई हो। भगिनी निवेदिता ने सात समंदर पार से आकर इस मातृभूमि को अपनी माँ मान लिया था।
उन्होंने कहा था कि भारत की नारी जागेगी तो पूरा विश्व जागेगा। आज वो समय आ गया है। तुम्हारी आँखों में जो सपने हैं, वो सिर्फ तुम्हारे नहीं हैं, वो तुम्हारे माता-पिता के, इस समाज के और इस राष्ट्र के सपने हैं। किताबी ज्ञान से पेट भर सकता है, पर चरित्र से राष्ट्र बनता है। वाणी में ओज लाओ, विचारों में तेज लाओ और हृदय में भारत माता को बसाओ यही सच्चा व्यक्तित्व विकास है। आगे डॉ. सिंह ने कहा कि एबीवीपी व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र पुनर्निर्माण के ध्येय पर अग्रसर है। यह शिविर उसी संकल्प की एक कड़ी है, जहाँ आने वाले दिनों में बेटियों को नेतृत्व, संवाद कौशल और संगठन क्षमता के साथ भारतीय जीवन मूल्यों से संस्कारित किया जाएगा।
धन्यवाद ज्ञापन प्रांत कार्यकारिणी सदस्य आशी देव ने किया तथा संचालन शाम्भवी कुमारी ने किया।
इस अवसर पर जिला संयोजक केशव माधव, सह संयोजक शुभम कुमार, नगर सह मंत्री प्रिंस चौधरी, अमृत झा, सोनू झा सुमित कुमार, मनीष कुमार, स्वाति, जया, दिशा, शिवानी, मुस्कान झा, मुस्कान, आयुषी, अनामिका, रुचि, नेहा, अंशु, शम्भावी सहित सैंकड़ों छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / त्रिलोकनाथ उपाध्याय