विजयादशमी अहंकार, क्रोध और द्वेष को समाप्त करने का पर्व: अजीत शर्मा
भागलपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भागलपुर के पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सदस्य अजीत शर्मा ने विजयादशमी के पावन अवसर पर शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा किया। उन्होंने माँ दुर्गा के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर समस्त भागलपुर और बिहार वासियों की सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की।
पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने मंगलवार को भागलपुर शहर के कचहरी चौक स्थित सत्कार क्लब, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (बरारी) और मोहम्मदीनगर (मिरजान्हाट) के दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचे। वहां उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ माँ शक्ति की आराधना की और पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान माँ के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पंडालों में उपस्थित श्रद्धालुओं को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए अजीत शर्मा ने कहा, विजयादशमी केवल रावण दहन का पर्व नहीं है। यह त्योहार हमें सिखाता है कि हम अपने अंदर के अहंकार, क्रोध और द्वेष रूपी बुराइयों को हमेशा के लिए समाप्त करें।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आइए हम सभी मिलकर एक बेहतर, शांतिपूर्ण समाज और विकसित क्षेत्र बनाने का सामूहिक संकल्प लें। श्री शर्मा ने प्रार्थना की कि माँ दुर्गा सभी भक्तजनों का कल्याण करें और भागलपुर सहित पूरे बिहार को तरक्की व समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर