आयकर विभाग ने निकाली जागरूकता रैली, भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ किया सचेत
भागलपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। देशभर में मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत शुक्रवार को भागलपुर में आयकर विभाग की ओर से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ जागरूक करना तथा एक पारदर्शी व ईमानदार व्यवस्था के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था। रैली का नेतृत्व आयकर उपनिदेशक (अन्वेषण) कुमारी स्मिता ने किया।
रैली में आयकर विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हाथों में तख्तियां और बैनर लिए हुए थे, जिसके माध्यम से शहरवासियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और सतर्कता का संदेश दिया गया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां लोगों को भ्रष्टाचार से दूर रहने की अपील की गई।
इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आयकर उपनिदेशक कुमारी स्मिता ने कहा कि घूस लेना और घूस देना, दोनों ही कानूनन अपराध हैं। समाज को इस सामाजिक बुराई से मुक्त कराने के लिए हर नागरिक को जागरूक होना होगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार और आयकर विभाग की ओर से इस विशेष सतर्कता जागरूकता अभियान को चलाने का मकसद यही है कि आम जनमानस में भ्रष्टाचार के प्रति चेतना बढ़े और लोग रिश्वतखोरी जैसी अनैतिक गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहें।
कुमारी स्मिता ने आगे कहा कि इस पूरे अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को विजिलेंस के प्रति जागरूक करना है। जब तक देश का प्रत्येक नागरिक इस मुहिम में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित नहीं करेगा, तब तक भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी स्तर पर होने वाले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाएं और एक जागरूक नागरिक का कर्तव्य निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर