किशनगंज में युवक-महिला की पिटाई का वीडियो वायरल
किशनगंज, 17 जुलाई (हि.स.)। जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र के कोल्हा गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक युवक और एक महिला को रस्सी से बांधकर चप्पल और थप्पड़ों से पीटते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कथित अवैध संबंध के शक में परिजनों ने यह घटना अंजाम दी। हालांकि, मामले की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा युवक महिला का भतीजा है, जबकि महिला उसकी चाची बताई जा रही है। महिला का पति, जो युवक का चाचा भी है, विदेश में मजदूरी करता है। परिजनों को पिछले कुछ समय से दोनों के बीच कथित अवैध संबंध होने का संदेह था। बताया जाता है कि करीब दो दिन पहले परिवार के कुछ सदस्यों ने दोनों को घर के एक कमरे में कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
इसके बाद गुस्साए परिजनों ने युवक और महिला को रस्सी से बांध दिया तथा चप्पलों और थप्पड़ों से उनकी पिटाई की। इस दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है। एसडीपीओ-वन किशनगंज खुसरू सिराज ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है।
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी अपुष्ट जानकारी या वायरल वीडियो को बिना सत्यापन के साझा न करें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह