विहिप और बजरंग दल की बैठक में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर

 


अररिया 02 अगस्त(हि.स.)। जिले के भरगामा स्थित शिव मंदिर परिसर में रविवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की संगठनात्मक बैठक विहिप के जिलाध्यक्ष विजय देव की अध्यक्षता में हुई।बैठक का संचालन मंत्री राकेश रंजन परिहार ने किया।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तार से विचार विमर्श किया गया।

जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार एवं धर्म प्रचारक उत्तर बिहार सह अररिया जिला पालक भानू प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रियता, अनुशासन और समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने, संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा गांव-गांव संगठन को सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। मंत्री राकेश रंजन परिहार ने कहा कि संगठनात्मक कार्यों में आपसी समन्वय और नियमित सक्रियता अत्यंत आवश्यक है। जिसको लेकर प्रखंड में संगठन विस्तार करते हुए नए दायित्वों की घोषणा किया। जिसमें विश्व हिंदू परिषद प्रखंड अध्यक्ष ज्योतिष कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष मिथिलेश कुमार मिट्ठू एवं माधव भगत,मंत्री सोनू सिंघानिया, बजरंग दल संयोजक रामप्रवेश मंडल,सहसंयोजक विपिन कुमार मेहता की घोषणा की गई।प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने की अपील की।

पूर्व प्रचारक गणेश मंडल ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी पूंजी उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने सेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर बल देते हुए कहा कि संगठन का विस्तार तभी संभव है, जब प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

बैठक में संगठन की भावी कार्य योजना, सदस्यता विस्तार अभियान, आगामी कार्यक्रमों तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। अंत में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने तथा सभी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर