जेपीयू में स्नातकोत्तर में नामांकन के लिए आवेदन का वेरिफिकेशन शुरू
सारण, 22 जुलाई (हि.स.)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए आवेदन वेरिफिकेशन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। 17 जुलाई को ऑनलाइन आवेदन की तिथि समाप्त होने के बाद, आवेदन फॉर्मों की जांच शुरू कर दी गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार आगामी 27 या 28 जुलाई तक नामांकन की पहली मेधा सूची जारी कर दी जाएगी। छात्र कल्याण अध्यक्ष डॉ राणा विक्रम सिंह ने बताया कि इस बार पीजी में नया रेगुलेशन लागू हुआ है। इसके तहत छात्रों द्वारा स्नातक के ऑनर्स और सब्सिडियरी विषयों के चयन के आधार पर ही मेधा सूची तैयार की जा रही है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इस बार मेधा सूची में छात्राओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा है। उन्हें घर के पास का कॉलेज अलॉट करने की प्राथमिकता रहेगी। गौरतलब है कि पिछले सत्रों में सीवान और गोपालगंज की छात्राओं को छपरा मुख्यालय तथा छपरा की छात्राओं को दूर-दराज के कॉलेज अलॉट कर दिए गए थे। 20 से 25 किलोमीटर की दूरी के कारण छात्राओं को नियमित कक्षाएं करने में भारी कठिनाई होती थी। बाद में आवेदन लेकर कॉलेज बदलना पड़ा था। इस बार ऐसी स्थिति से बचने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
नामांकन के बाद छात्र-छात्राओं की पढ़ाई च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम के तहत होगी। इसमें विद्यार्थियों को अपने मुख्य विषय के साथ अन्य स्ट्रीम के पसंदीदा विषय पढ़ने की आजादी होगी, जो उनके करियर के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा। नामांकन हेतु इन 17 विषयों की भौतिकी, रसायन शास्त्र, गणित, जूलॉजी, बॉटनी, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, इतिहास, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, भूगोल, वाणिज्य और गृह विज्ञान की मेधा सूची जारी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार