सारण में सुरक्षा कारणों से पुराने गंडक पुल पर वाहनों का आवागमन बंद

 

सारण, 29 जुलाई (हि.स.)। श्रावणी मास 2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन तथा कांवरिया श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सोनपुर और हाजीपुर के बीच यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुराने गंडक पुल पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। जिला जन-संपर्क पदाधिकारी डॉ. नीना झा के अनुसार, पथ प्रमंडल हाजीपुर के कार्यपालक अभियंता द्वारा किए गए संयुक्त निरीक्षण के आधार पर यह निर्णय लिया गया है।

पहलेजा घाट एवं कालीघाट से जल भरकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर और मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या को देखते हुए पुराना गंडक पुल अब केवल पैदल यात्रियों और कांवरियों के लिए ही खुला रहेगा। सोनपुर और हाजीपुर के बीच चलने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन अब केवल नए गंडक पुल का उपयोग करेंगे।

श्रावण मास के दौरान 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक श्रावण मास के प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार से सोमवार तक नए गंडक पुल से भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। यातायात के बेहतर संचालन के लिए हाजीपुर एवं सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात, वैशाली को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है।

श्रावणी मास के दौरान भारी वाहनों के लिए परिवर्तित मार्ग इस प्रकार हैं छपरा से हाजीपुर जाने वाले वाहन शीतलपुर, दिघवारा, परसा, मकेर, रेवाघाट, बखरा चौक, वैशाली, लालगंज, अंजानपीर होते हुए आगे निकलेंगे।

वही पटना गांधी सेतु से आने वाले वाहन बीएसएनएल गोलंबर से सीधे फ्लाईओवर होकर अंजानपीर पहुंचेंगे। वहां से लालगंज, वैशाली, रेवाघाट और परसा होते हुए छपरा या मुजफ्फरपुर की ओर प्रस्थान करेंगे। शहर में प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें तथा प्रशासन के निर्देशों का सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार