सघन वाहन जांच अभियान, संदिग्ध व्यक्तियों पर पुलिस की नजर
सुपौल, 26 सितंबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से शनिवार को सघन वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच अभियान चलाया गया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर वाहन जांच करते हुए आने-जाने वाले वाहनों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी।
जांच के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर आवश्यक कागजातों की जांच की। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई। पुलिस टीमों ने सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की जांच आगे भी जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन की ओर से आम लोगों से अपील की गई कि वे जांच अभियान के दौरान पुलिस का सहयोग करें और अपने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।
संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना नजदीकी थाना या पुलिस को देने को कहा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र