गाजे-बाजे के साथ निकलेगी बाबू वीर कुंवर सिंह शोभा यात्रा, हाथी-घोड़े बनेंगे आकर्षण
भागलपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर शहीद बाबू वीर कुंवर सिंह के शौर्य और पराक्रम को नमन करने के लिए बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव समारोह का आयोजन समिति द्वारा 23 अप्रैल को किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे वीर कुंवर सिंह चौक स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। इसके पश्चात यहाँ से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा में गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े के साथ हाथी-घोड़े विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए यह झांकी निकलेगी, जिसमें हजारों की संख्या में शहरवासियों के शामिल होने की संभावना है। उक्त आशय की जानकारी बुधवार को समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि बाबू वीर कुंवर सिंह का बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणा है। 80 वर्ष की आयु में भी उन्होंने अंग्रेजों को धूल चटाई थी। इस विजयोत्सव के माध्यम से हम नई पीढ़ी को उनके त्याग और वीरता से अवगत कराना चाहते हैं। इस वर्ष का आयोजन ऐतिहासिक और यादगार होगा। कार्यक्रम प्रभारी एडवोकेट डॉ राजीव सिंह ने जानकारी दी कि 22 अप्रैल की शाम को प्रतिमा स्थल पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। 23 अप्रैल के मुख्य समारोह में कई वरिष्ठ नेताओं व विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की स्वीकृति मिल चुकी है। सुरक्षा व्यवस्था, रूट प्लानिंग और यातायात नियंत्रण के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
समिति ने शहर के सभी सामाजिक, राजनीतिक संगठनों व आम नागरिकों से अपील की है कि वे 23 अप्रैल को सुबह 8 बजे वीर कुंवर सिंह चौक पहुंचकर इस गौरवपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनें और महानायक को श्रद्धांजलि अर्पित करें। प्रेस वार्ता में डॉ. संजय सिंह, एडवोकेट राजीव सिंह, डॉ. अजय कुमार सिंह, स्वेता सिंह, राहुल चौहान, अंकित सिंह, डॉ. रौशन सिंह, बसंत कुमार सिंह, रोहित सिंह, ठाकुर मोहित सिंह, रंजीत सिंह, आदित्य राज एवं अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर