वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

 


भागलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के लोदीपुर थानान्तर्गत पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। उक्त आशय की जानकारी सोमवार को सिटी एसपी अतुलेश झा ने दी।

सिटी एसपी ने बताया कि भागलपुर पुलिस द्वारा कांड में चोरी की गई मोटरसाइकिलों की बरामदगी एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देशन में, तथा नगर पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निगरानी में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में लोदीपुर थाना पुलिस द्वारा त्वरित अनुसंधान, तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लोदीपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत कोढ़ा के निवासी पवन मंडल पिता-मेदी मंडल के मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में कांड दर्ज कर, मामले का उद्भदन करते हुए वाहन चोरी गिरोह से जुड़े तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

अनुसंधान के क्रम में गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल कुमार, मिथुन कुमार और देवानंद कुमार शामिल है। गिरफ्तार अभियुक्तों के निशानदेही एवं स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान चोरी की कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई। इनमें प्राथमिकी में अंकित चोरी गई एक मोटरसाइकिल के साथ-साथ तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसके संबंध में अग्रतर विधिक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।

इस संबंध में लोदीपुर थाना कांड संख्या-122/26 सुसंगत धाराओं में दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर