एसएसपी के निर्देश पर चलाया गया वाहन जांच अभियान
भागलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले में अपराध पर अंकुश लगाने, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत सोमवार सुबह बाईपास थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाकर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की। मॉर्निंग पेट्रोलिंग के दौरान बाईपास थाना क्षेत्र के बैजानी पेट्रोल पंप के समीप डायल-112 की टीम ने वाहन जांच अभियान चलाया।
अभियान का नेतृत्व एएसआई अनील कुमार ने किया। उनके साथ सिपाही अमन कुमार तथा चालक विवेकानंद सिंह भी मौजूद थे। पुलिस टीम ने क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच करते हुए आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। वहीं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई लोगों से पूछताछ भी की गई।
पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।
विशेष रूप से संवेदनशील इलाकों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित रूप से वाहन जांच की जाएगी, ताकि अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर