वीबी जी राम जी योजना के अनुमन्य कार्यों को लेकर प्रशिक्षण आयोजित, डीडीसी ने किया शुभारंभ

 


सुपौल, 05 नवंबर (हि.स.)। जिले में वीबीजी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अनुमन्य कार्यों की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला परिषद सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में निदेशक, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम , जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी कार्यक्रम पदाधिकारी , कनीय अभियंता , पंचायत तकनीकी सहायक सहित वीबीजीआरएएम जना से जुड़े कर्मियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य योजना के अंतर्गत किए जाने वाले अनुमन्य कार्यों की विस्तृत जानकारी देना तथा योजनाओं के चयन, स्वीकृति और क्रियान्वयन की प्रक्रिया को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना था। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को योजना के विभिन्न प्रावधानों, अनुमन्य कार्यों की श्रेणियों, तकनीकी प्रक्रियाओं तथा कार्यों के निष्पादन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षकों ने बताया कि किसी भी योजना की सफलता के लिए निर्धारित नियमों और तकनीकी मानकों का पालन करना जरूरी है। योजनाओं का चयन स्थानीय जरूरतों और निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप किया जाना चाहिए, ताकि सरकारी संसाधनों का सही उपयोग हो सके और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का उपयोग क्षेत्र स्तर पर योजनाओं के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन में करें। उन्होंने निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि निर्धारित उद्देश्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से संबंधित कर्मियों को योजना के बेहतर संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र