विदेशी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

 


बक्सर, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने गुरुवार सुबह वाहन जांच अभियान के दौरान मध्य निषेध के प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में एक पिकअप वैन के भीतर बनाए गए अत्याधुनिक सीक्रेट चैंबर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। इस दौरान एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

उत्पाद विभाग की टीम नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर उसकी गहन तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच में वाहन सामान्य प्रतीत हुआ, लेकिन अधिकारियों को शक होने पर वाहन की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में विशेष रूप से बनाया गया सीक्रेट चैंबर मिला, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।

तलाशी के दौरान कुल 5,89,500 मिलीलीटर (करीब 589.5 लीटर) विदेशी शराब बरामद हुआ। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 7,07,400 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर यह जानकारी सामने आई है कि शराब की खेप हरियाणा से पटना ले जाई जा रही थी। तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की नजर से बचने के लिए वाहन में विशेष रूप से सीक्रेट चैंबर तैयार कराया था।

कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार तस्कर से उत्पाद विभाग की टीम लगातार पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। विभाग इस पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में जुटा है।

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जब्त वाहन और शराब को विभागीय प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद उत्पाद विभाग लगातार सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख चेक पोस्टों पर सघन जांच अभियान चला रहा है। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर हुई यह कार्रवाई शराब तस्करी के विरुद्ध विभाग की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra