इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम देता है कुरान-ए-पाक : सज्जादानशीन

 


भागलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। हजरत शरफुद्दीन अली मोहम्मद पीर दमड़िया शाह के 425वें सालाना उर्स के मुबारक मौके पर मंगलवार को खानकाह पीर दमड़िया शाह में एक भव्य धार्मिक एवं शैक्षणिक समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मदरसा सैयद अली अहमद के नौ विद्यार्थियों द्वारा कुरान-ए-पाक का हिफ्ज (कंठस्थ) मुकम्मल करने पर उनकी दस्तारबंदी की गई। समारोह में सभी बच्चों के सिर पर पगड़ी बांधकर और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए खानकाह के सज्जादानशीन सैयद शाह फखरे आलम हसन ने कहा कि कुरान-ए-पाक इंसान को बुराइयों से बचने, नेक रास्ते पर चलने, गरीबों की मदद करने और समाज में मोहब्बत व भाईचारा कायम करने की शिक्षा देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज समाज में बढ़ती नफरत और आपसी दूरियों को मिटाने के लिए कुरान के अमन और इंसानियत के पैगाम को आम करने की सख्त जरूरत है। धर्म का असली मकसद इंसान को एक अच्छा इंसान बनाना है। उन्होंने नौ हाफिजों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि कुरान को याद करना सौभाग्य की बात है, लेकिन इसकी शिक्षाओं पर अमल करना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर अमीर-ए-शरीअत हजरत मौलाना सैयद फैसल वली रहमानी ने सभी हाफिजों और उनके माता-पिता को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि कुरान-ए-पाक पूरी मानवता के लिए हिदायत और कामयाबी का रास्ता दिखाती है, इसलिए लोगों को इसकी तालीम को अपनी जिंदगी में उतारना चाहिए। वहीं, हजरत मौलाना सैयद यूनुस हुसैन नदवी ने कहा कि कुरान में नैतिकता, न्याय, करुणा और समाज सुधार का महान संदेश निहित है। कार्यक्रम में मौलाना असजद नजर नदवी, मुफ्ती रियाज कासमी, हाफिज कैस सहित बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से आए कई उलेमा-ए-किराम और गणमान्य लोग शामिल हुए। अंत में सज्जादानशीन सैयद शाह फखरे आलम हसन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा नौ हाफिजों के उज्ज्वल भविष्य और मुल्क में अमन-चैन व भाईचारे के लिए विशेष दुआ की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर