कई हाट बाजारों में यूरिनल और शौचालय की सुविधा नहीं
सुपौल, 16 अप्रैल (हि.स.)। त्रिवेणीगंज प्रखंड के कई मुख्य हाट - बाजार जदिया, कोरियापट्टी, बघेली, हरिहरपट्टी चौक कुमियाही आदि जगहों में शौचालय - यूरिनल तक की सुविधा नहीं है। जबकि जदिया जैसे प्रमुख व्यापारिक बाजार में रोजाना लाखों रुपया का कारोबार होता है। लग्न के इस मौसम में खरीदारी करने के लिए महिलाओं की ज्यादा भीड़ जुट रही है। लेकिन उनकी सुविधा के लिए बाजार में यूरिनल तक का प्रबंध नहीं किया गया है। यशोदा देवी, प्यारी देवी, लाजवंती देवी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों तक को हमारी सुविधाओं की फिक्र नहीं है तो फिर अधिकारी क्यों करें ? यह समस्या खासकर उन महिलाओं के लिए गंभीर है, जो बाजार में खरीदारी करने या अन्य जरूरी काम से आती है। सार्वजनिक शौचालय - यूरिनल नहीं रहने से महिलाओं को खासी परेशानी हो रही है।
बाजार में यूरिनल की सुविधा का अभाव न केवल महिलाओं के लिए बल्कि आम लोगों के लिए भी एक बड़ी समस्या है। इस समस्या के समाधान के लिए बाजार में सार्वजनिक शौचालय को चालू करने और यूरिनल का निर्माण करने की जरूरत है। इससे महिलाओं को सुरक्षा, गोपनीयता और सम्मान मिलेगा। बाजार का वातावरण भी साफ सुथरा रहेगा। शौचालय के अभाव में ग्राहक ही नहीं कारोबारी भी परेशान हैं।
इन क्षेत्रों के कई कारोबारियों ने बताया कि बाजार में कई मूलभूत सुविधाओं की कमी है। यही बस पड़ाव, वाहन पार्किंग की भी कई तरह की समस्या बनी हुई है। बाजार करने आए लोगों का लोगों ने कहा कि अगर जनप्रतिनिधि और अफसर यूरिनल का प्रबंध नहीं करते तो व्यवसाय ही आपस में चंदा कर कम से कम महिलाओं के लिए यूरिनल और उसमें पानी का प्रबंध कर देते तो अच्छा रहता। इन क्षेत्रों के नागरिकों नहीं बताया कि सुविधा के अभाव में पुरुष तो सड़क किनारे वैकल्पिक उपाय ढूंढ लेते हैं, लेकिन महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
डॉक्टरों की माने तो शौचालय यह किल्लत महिलाओं के सेहत पर भारी पड़ रहा है। समय पर मलमूत्र त्याग नहीं करना किडनी की बीमारी को बढ़ाता है। बावजूद स्थानीय प्रशासन और इलाके के जनप्रतिनिधि इसको लेकर उदासीन बना हुआ है। खरीदारी करने पहुंची महिलाएं बताती है कि वह बाजार में कम पानी पीती है, जिससे कहीं उन्हें यूरिनल नहीं जाना पड़े। इस सम्बंध में सम्पर्क करने पर प्रखंड प्रमुख काजल देवी ने बताया कि जल्द ही यूरिनल और शौचालय निर्माण को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र