बहादुरगंज में नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन हिंसक, डीडीसी की गाड़ी में तोड़फोड़, 21 हिरासत में
किशनगंज, 25 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को बहादुरगंज में आयोजित विरोध प्रदर्शन उस समय हिंसक हो गया, जब उग्र प्रदर्शनकारियों ने एलआरपी चौक के समीप उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार झा और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अरुण कुमार सरदार के सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ कर दी।
घटना के दौरान डीडीसी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का भी आरोप है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव में कई अधिकारी एवं पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बहादुरगंज कॉलेज मैदान में छात्र शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
प्रदर्शनकारी नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों का एक समूह हाथों में तख्तियां लेकर बाजार की ओर बढ़ा। झांसी रानी चौक से होते हुए जुलूस एलआरपी चौक पहुंचा, जहां स्थिति अचानक बिगड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उग्र भीड़ ने एलआरपी चौक और मार्केटिंग यार्ड के समीप कई दुकानों में भी तोड़फोड़ की। इसी दौरान वहां से गुजर रहे डीडीसी और बीडीओ के वाहनों को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया और क्षतिग्रस्त कर दिया। अधिकारियों के सुरक्षा कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
हालात बेकाबू होते देख प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हिंसक झड़प में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-1, खुसरू सिराज एसडीपीओ-2, मनोज कुमार सिंह, बीडीओ अरुण कुमार सरदार, बहादुरगंज के अपर थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी एवं प्रशासनिक अधिकारी घायल हो गए।
सभी घायलों का उपचार कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया तथा आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया गया। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि अब तक 21 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर की जा रही है।
प्रशासन ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अधिकारियों पर हमला करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। साथ ही सोशल मीडिया की निगरानी, वीडियोग्राफी, क्यूआरटी, महिला पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था कर पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
फिलहाल बहादुरगंज में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह