करजाइन बाजार में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर प्रशासन की कार्रवाई, छह संस्थान सील
सुपौल, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के करजाइन बाजार में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों एवं क्लीनिकों के खिलाफ रविवार देर शाम प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र के सामने और आसपास संचालित छह संस्थानों को सील कर दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित संस्थानों के संचालन से जुड़े दस्तावेज एवं वैधता अभिलेखों की भी जांच की।
कार्रवाई वीरपुर एसडीएम विनय कुमार के नेतृत्व में करीब रात आठ बजे शुरू हुई। छापेमारी टीम में राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, राघोपुर रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी, करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार समेत प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल थे।टीम ने बालाजी अल्ट्रासाउंड, स्टार अल्ट्रासाउंड, डॉ. नूर आलम का क्लीनिक, नेशनल मेडिकल एजेंसी तथा डॉ. अनिल कुमार मेहता के जनरल फिजिशियन क्लीनिक समेत कुल छह संस्थानों की जांच की और उन्हें सील किया। अधिकारियों के अनुसार संबंधित संस्थानों के दस्तावेज और संचालन की वैधता की जांच की जा रही है। वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि करजाइन बाजार में पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड सेंटर और क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि जांच की प्रक्रिया जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के करीब तीन घंटे बाद रात लगभग 11 बजे एक अल्ट्रासाउंड सेंटर की सरकारी सील तोड़े जाने की सूचना सामने आई। स्थानीय लोगों के अनुसार मकान मालिक के पुत्र रोहित कुमार की नजर सेंटर पर पड़ी। आरोप है कि उन्होंने सेंटर संचालक से सील तोड़ने और ताला खोलने को लेकर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
रोहित कुमार ने कथित तौर पर घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर करजाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सेंटर संचालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद करजाइन बाजार में देर रात तक चर्चाओं का दौर जारी रहा। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र