सड़क दुघर्टना में दो परिवार में छाया मातम
भागलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र स्थित बाइपास पर शुक्रवार को एक अज्ञात वाहन के टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। वह ई-रिक्शा से बच्चे को छोड़ने बिड़ला स्कूल गया था। इसी क्रम में वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीण औथ परिजन पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक की पहचान बिशनपुर जिछो निवासी शालिग्राम यादव के पुत्र अरविंद यादव के रूप में की गई है।
वहीं दूसरी ओर दोपहर 1 बजे एक हाइवा की चपेट में आने से एक अधेड़ की जीवन लीला समाप्त हो गई। घटना में चालक हाइवा छोड़कर फरार हो गया। इस अधेड़ व्यक्ति की पहचान जिछो निवासी स्व लब्बु मंडल का 65 वर्षीय पुत्र उपेन्द्र मंडल के रूप में की गई है।
मृतक के परिजन और अन्य ग्रामीणों ने मुख्य बाइपास सड़क जाम कर दिया। मौके पर लोदीपुर प्रभारी थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी प्रेरणा सिंह अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आवागमन सामान्य किया। वहीं दोनों मृतक परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर