दो महिला गहरे पानी में डूबी, हुई मौत

 






अररिया 25 सितम्बर(हि.स.)।

जिला के फुलकाहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में शुक्रवार को तेज बारिश के बाद बलुआही धार का जलस्तर अचानक बढ़ने से दो विवाहित महिलाओं की डूबने से मौत हो गई।हादसा फुलकाहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर पंचायत के वार्ड संख्या-13 में घटित हुई। दोनों महिलाएं मवेशियों के लिए चारा लेने खेत गई थीं और लौटने के दौरान धार पार करते समय गहरे पानी में चली गईं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।

मृतकों की पहचान मानिकपुर पंचायत निवासी अड़हुल देवी पति अरुण यादव और अर्चना देवी पति कुंदन यादव के रूप में हुई है।

ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों महिलाएं कुछ अन्य महिलाओं के साथ खेत में मवेशियों के लिए चारा लेने गई थीं। वापस लौटने के दौरान बलुआही धार में अचानक पानी बढ़ गया। तेज बहाव और अधिक गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दोनों महिलाएं गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकालाएक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी को इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश और बाढ़ के दौरान बलुआही धार का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। इसके कारण यहां हर साल हादसे का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों का कहना है कि धार पर पुल निर्माण की मांग कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।ग्रामीणों के मुताबिक, पुल नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरी में जान जोखिम में डालकर धार पार करनी पड़ती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर