बड़हरवा में नाबालिग बालिका का रेस्क्यू एवं भागलपुर स्टेशन पर अवैध शराब बरामद

 




भागलपुर, 11 मई (हि.स.)। यात्रियों की सुरक्षा, बच्चों के संरक्षण तथा रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के प्रति अपनी सतत प्रतिबद्धता के तहत, मालदा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल द्वारा विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में नियमित निगरानी एवं विशेष अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।

यह अभियान मनीष कुमार गुप्ता मंडल रेल प्रबंधक मालदा के निर्देश तथा आशिम कुमार कुल्लू मंडल सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल, मालदा के पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है। उक्त आशय की जानकारी सोमवार को मालदा रेल मंडल के पीआरओ ने दी।

उन्होंने बताया कि प्रथम अभियान में बड़हरवा रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान रेलवे सुरक्षा बल, बड़हरवा द्वारा 14 वर्षीय एक नाबालिग बालिका का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।

उक्त बालिका प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर अकेली घूमती हुई पाई गई। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण वह घर छोड़कर चली गई थी तथा अनजाने में गलत ट्रेन में सवार हो गई थी।

बालिका को सुरक्षित रूप से रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, बरहरवा लाया गया, जहाँ तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित किया गया। आवश्यक काउंसलिंग एवं सभी विधिक औपचारिकताओं की पूर्ति के उपरांत बालिका को आगे की देखभाल एवं पुनर्वास के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन प्रतिनिधियों को सुपुर्द कर दिया गया। दूसरे अभियान में भागलपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष एंटी-कॉन्ट्राबैंड जांच अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल, भागलपुर द्वारा लावारिस अवस्था में 49 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई।

प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर संदिग्ध अवस्था में पाए गए बैगों की जांच करने पर उनमें लगभग 3,380 रुपया मूल्य की विदेशी शराब पाई गई। बरामद सामग्री को नियमानुसार जब्त कर आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग भागलपुर को सुपुर्द कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर