सारण में शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 


सारण, 13 मार्च (हि.स.)। मद्यनिषेध के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान नशा मुक्त सारण के तहत पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में जिला पुलिस अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है।

ताजा मामला पानापुर थाना क्षेत्र का है जहाँ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मढ़ौरा 2 के नेतृत्व में एक सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस त्वरित कार्रवाई में पुलिस टीम ने इलाके में दबिश दी और मौके से 15 लीटर देशी शराब बरामद की।

इस मामले में पुलिस ने दो कारोबारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान पप्पू नट पिता सुरेश नट और रूपेश नट पिता मंगरू नट पानापुर निवासी के रूप में हुई है। इस संबंध में पानापुर थाना में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध शराब के सिंडिकेट को जड़ से उखाड़ने तक यह अभियान जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशे के अवैध कारोबार की सूचना निर्भीक होकर पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार