स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, दो तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और कैश बरामद
भागलपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवगछिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तेतरी गांव में छापेमारी कर स्मैक की तस्करी और पैकिंग कर रहे दो मुख्य तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार और नितिन कुमार के रूप में हुई है, जिनका पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सैयम रजा ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि बीते देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तेतरी गांव में कुछ अपराधी बड़े पैमाने पर स्मैक की पुड़िया तैयार कर उसे बेचने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही स्मैक की पैकिंग करते हुए दबोच लिया।
पुलिस ने घटना स्थल से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ और अन्य सामान बरामद किया है। बरामद नशीले पदार्थ में स्मैक 209 ग्रामप्र, 280 पीस नाइट्राजेपाम की गोलियां, 4 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप, 70,000 रुपये कैश, 3 मोबाइल फोन, 2 सोने की चेन और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली 1 डिजिटल वेइंग मशीन शामिल है।
एसडीपीओ सैयम रजा ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से कड़ाई से पूछताछ की गई है, जिसमें इस पूरे सिंडिकेट और सप्लाई चेन का खुलासा हुआ है। पूछताछ में तेतरी के ही तीन अन्य अपराधियों रितेश कुमार, सोनू कुमार और मोनू के नाम सामने आए हैं, जो इस काले कारोबार में शामिल हैं। फिलहाल पुलिस इन तीनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि नशीले पदार्थों की यह खेप पूर्णिया समेत आसपास के अलग-अलग जिलों और इलाकों से सप्लाई की जाती थी।
नवगछिया पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुटी है ताकि नशीले पदार्थों की इस पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर