हत्याकांड का खुलासा, दो मुख्य आरोपित गिरफ्तार; लोहे का टुकड़ा और मोबाइल बरामद
भागलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में हुए टिपिन कुमार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कहलगांव थाना क्षेत्र के काजीपुरा निवासी मो. हुसैन और मो. अब्दुल असारी के रूप में की गई है। इस बात की जानकारी गुरुवार को भागलपुर के स्नेह सेतु सीडीपीओ ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।
सीडीपीओ ने बताया कि गत 28 अगस्त 2026 को मृतक टिपिन कुमार की पत्नी शेखा देवी ने कहलगांव थाने में अपने पति की हत्या को लेकर एक लिखित आवेदन दिया था। मामला दर्ज होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लिखित आवेदन में दिए गए तथ्यों का गहन विश्लेषण कर लगातार छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी मो. हुसैन मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर उसे धर दबोचा। इसके बाद हुसैन की निशानदेही पर घटना में संलिप्त दूसरे आरोपी मो. अब्दुल असारी को भी उसके काजीपुरा स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का एक टुकड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की मुख्य वजहों का पूरी तरह से पता लगाया जा सके। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर