10 ग्राम स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार

 




भागलपुर, 04 जून (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 10 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है।

बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पटेल नगर के पास कुछ युवक मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवक भागने लगे लेकिन पुलिस ने पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवकों की पहचान हनी झा और सुमित कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 10 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया और पूछताछ शुरू की गई।

मामले को लेकर विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्करों से पूछताछ की गई है। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अन्य तस्करों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर