भारी मात्रा में कोरेक्स सिरप, नशीली दवाएं और गांजा बरामद, दो सगे भाई गिरफ्तार

 


भागलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत ललमटिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर नरगा गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में कोरेक्स कफ सिरप, नशीली दवाइयां और गांजा बरामद किया है। मौके से पुलिस ने नशे के इस काले कारोबार में संलिप्त दो सगे भाइयों को भी गिरफ्तार किया है। डीएसपी-2 राकेश कुमार ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को एक गुप्त सूचना मिली थी।

सूचना में कहा गया था कि मोहनपुर नरगा निवासी कन्हैया लाल मंडल और बालेश्वर मंडल अपने घर से ही बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री का अवैध धंधा संचालित कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-2) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित घर पर अचानक दबिश दी।

तलाशी के दौरान घर के अंदर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद किए गए। बरामद नशीले पदार्थों में कोरेक्स कफ सिरप 107.06 लीटर (1076 बोतल), प्रतिबंधित नशीली दवाइयां 310 पीस और गांजा 230 ग्राम शामिल है। पुलिस ने मौके से धंधेबाज दोनों भाइयों कन्हैया लाल मंडल और बालेश्वर मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।

डीएसपी-2 राकेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में ललमटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों और नशे की सप्लाई चेन का पता लगाया जा रहा है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में ललमटिया थानाध्यक्ष विपिन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक भूषण प्रसाद सिंह, प्रेमचंद्र कुमार सहित ललमटिया थाने के अन्य सशस्त्र पुलिसकर्मी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर