8.05 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो नेपाली नागरिक गिरफ्तार
अररिया 30 सितम्बर(हि.स.)। एसएसबी 56वीं वाहिनी की ई समवाय कुशमाहा और जोगबनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए एक विशेष गश्त अभियान के दौरान दो नेपाली नागरिकों को 8.05 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया।
एसएसबी और पुलिस को मिली गुप्त सूचना पर संयुक्त रूप से यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 176/1 से लगभग सौ मीटर भारत की ओर स्थित हटेवा गांव के पास विशेष चेकिंग अभियान के दौरान की गई।दोनों नेपाली नागरिक फारबिसगंज से नेपाल विराटनगर की ओर नेपाली नंबर की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे।संदेह के आधार पर जब वाहन चालक और उस पर सवार व्यक्ति की तलाशी ली गई तो चालक की जेब से एक काले रंग की पॉलिथीन बरामद हुई, जिसमें चिपचिपा पदार्थ पाया गया। मादक पदार्थ जांच किट से जांच करने पर उक्त पदार्थ के ब्राउन शुगर होने की पुष्टि हुई।
गिरफ्तार नेपाली नागरिकों में नेपाल के मोरंग जिला के विराटनगर,कंचनबाड़ी वार्ड संख्या 3 के रहने वाले 26 वर्षीय प्रकाश राजवंशी पिता सदानंद राजवंशी और विराटनगर जहदा वार्ड संख्या 3 के 22 वर्षीय अर्जुन राजवंशी पिता श्याम कुमार राजवंशी है।एसएसबी और पुलिस ने दोनों नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार करने के साथ ही ब्राउन शुगर और पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किया।
पूछताछ में गिरफ्तार नेपाली नागरिक ने बताया कि वे लोग फारबिसगंज के रामपुर से ब्राउन शुगर की खरीददारी कर खुद के उपयोग के लिए लेकर जा रहे थे।जब्ती सूची तैयार कर गिरफ्तार अभियुक्तों एवं जब्त सामग्री को अग्रिम कानूनी प्रक्रिया के लिए जोगबनी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है,जहां से दोनों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
संयुक्त अभियान में एसएसबी की ओर से सहायक उपनिरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में छह जवान तथा बिहार पुलिस की ओर से एसआई ललन कुमार के नेतृत्व में चार पुलिस के जवान शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर