मौर्य एक्सप्रेस के एसी कोच से शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
सीवान, 19 अगस्त (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान की टीम ने बुधवार को आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान मौर्य एक्सप्रेस के बी-1 कोच से शराब की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार दोनों आरोपी सारण जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरपीएफ ने बरामद शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, सीवान को सौंप दिया।
आरपीएफ के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सीवान के पर्यवेक्षण में टीम प्लेटफॉर्म संख्या एक पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान 19 अगस्त 2026 को गाड़ी संख्या 15028 मौर्य एक्सप्रेस के सीवान स्टेशन पहुंचने पर बी-1 कोच की जांच की गई।
जांच के दौरान दो यात्रियों पर संदेह होने पर उनके पास मौजूद झोलों की तलाशी ली गई. तलाशी में दोनों के पास से शराब बरामद हुई। आरपीएफ ने मौके से ऑफिसर्स च्वाइस ओरिजिनल व्हिस्की की 132 बोतलें, प्रत्येक 180 एमएल, तथा आफ्टर डार्क ब्लू व्हिस्की की 12 बोतलें, प्रत्येक 180 एमएल, बरामद कीं. जब्त शराब की कुल मात्रा 25.920 लीटर बताई गई है, जिसकी कुल कीमत करीब 18,720 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारण जिले के अवतार नगर थाने के पकवालिया वार्ड नंबर 3 निवासी हरकेश राय के पुत्र राहुल कुमार राय एवं अशोक राय के पुत्र अनीश कुमार के रूप में हुई है।
आरपीएफ ने जब्त शराब और दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग सीवान को सुपुर्द कर दिया. मामले में उत्पाद विभाग सीवान द्वारा कांड संख्या 673/26, धारा 30(ए) बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली आरपीएफ टीम में उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, कांस्टेबल नीरज कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल रामजीत यादव और हेड कांस्टेबल परमेन्दर राय शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma