82 लाख के मादक पदार्थ के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 


किशनगंज, 04 अक्टूबर (हि.स.)। नशे के कारोबार के खिलाफ किशनगंज पुलिस के विशेष अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 408 ग्राम स्मैक (हेरोइन) जैसा मादक पदार्थ और 3.888 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया।

बरामद स्मैक जैसे पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 लाख रुपये और गांजे की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार कुल करीब 82 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त किया गया है। रविवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने प्रेसवार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में एएनटीएफ और किशनगंज थाना की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई। 03 अक्टूबर को एमजीएम गेट नंबर-2 से मालद्वार जाने वाली सड़क के पास जांच के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे एक संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसकी पहचान निखिल मंडल, निवासी मालद्वार, थाना ग्वालपोखर, उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 408 ग्राम स्मैक (हेरोइन) जैसा पदार्थ और एक की-पैड मोबाइल बरामद हुआ।पूछताछ में उसने मालद्वार से मादक पदार्थ लाकर एमजीएम के पास दूसरे तस्कर को डिलीवरी देने की बात स्वीकार की। मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 1094/26 दर्ज किया गया है। इसी दिन बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन जाने वाली सर्विस रोड पर टाउन हॉल के पास पुलिस ने भाग रहे सत्तार शेख, निवासी टेका रायपुर, थाना इस्लामपुर, मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) को पकड़ा। तलाशी में शरीर पर लपेटकर बांधे काले कपड़े के अंदर से छह पैकेट में 3.888 किलो गांजा और मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने कूचबिहार से गांजा लेकर मुर्शिदाबाद जाने की बात बताई। मामले में कांड संख्या 1095/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस दोनों मामलों में तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। एसपी संतोष कुमार ने कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशामुक्त किशनगंज के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता से कार्रवाई करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह