भागलपुर रेलवे स्टेशन के पास जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी
भागलपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर पुलिस ने बुधवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे स्टेशन के समीप उल्टा पुल के नीचे चल रहे एक अवैध जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने मौके से जुआ खेलते और इसका आयोजन करते हुए दो मुख्य आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उनके पास से 5,200 नकद, कोडिंग की गई दो डायरियां और जुए से जुड़े अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भागलपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि रामसर (तातारपुर) निवासी रितिक कुमार उल्टा पुल के नीचे भारी भीड़ जुटाकर अवैध रूप से जुए का खेल आयोजित करवा रहा है।
सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसएसपी के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 और कोतवाली थानाध्यक्ष ने किया। गठित पुलिस टीम ने जब उल्टा पुल के नीचे योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की, तो वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी करके मौके से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक कुमार और कपिलदेव मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 5,200 नगद और दो ऐसी डायरियां बरामद की हैं, जिनमें जुए के पैसे और हिसाब-किताब को कोड वर्ड (कोडिंग) में लिखा गया था। इसके अलावा जुए के खेल में इस्तेमाल होने वाले कई अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। इस मामले को लेकर कोतवाली थाना में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में कोतवाली थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सुधांशु शेखर, एस आई रणधीर कुमार, एस आई विक्की कुमार और कोतवाली थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर