देसी कट्टा और खोखा के साथ दो लोग गिरफ्तार

 


भागलपुर, 20 जून (हि.स.)। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोराडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पिठना गांव में छापेमारी कर एक देसी कट्टा और दो खोखा बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने शनिवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पिथना गांव में कुछ लोग आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और गांव में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद जसीम के घर से दो खोखा बरामद किए गए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद मोसाद के घर छापेमारी की, जहां से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी ने बताया कि बरामद हथियार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

प्रारंभिक जांच में दोनों का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है, लेकिन विभिन्न थानों और अपराध रिकॉर्ड पोर्टलों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर