युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण में सीएम साइंस कॉलेज के दो स्वयंसेवकों ने बनाई जगह
दरभंगा, 22 सितंबर (हि.स.)।
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पटना के प्रायोजन तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के आयोजन में 16 से 22 सितंबर तक जुबिली हॉल, दरभंगा में सात दिवसीय चौथा युवा आपदा मित्र आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। इसमें दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिले के 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण के दौरान सी. एम. साइंस कॉलेज, दरभंगा की स्वयंसेवक प्रतिभा रानी एवं संजीत कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष 20 प्रतिभागियों में स्थान प्राप्त किया। दोनों की उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता जताई।
प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने दोनों स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण से युवाओं में राहत एवं बचाव कार्य के लिए सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल विकसित होता है। आपदा की स्थिति में प्रशिक्षित युवा अपनी सुरक्षा के साथ परिवार एवं समाज की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. युगेश्वर साह ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को आपदा के समय राहत, बचाव, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को अनुशासन, नेतृत्व, सामूहिक कार्य, प्राथमिक उपचार तथा विभिन्न आपदाओं से निपटने के व्यावहारिक कौशल का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा रानी एवं संजीत कुमार ने लगन, अनुशासन और सक्रिय सहभागिता के बल पर शीर्ष 20 में स्थान बनाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra