नाबालिग छात्राओं के अपहरण के प्रयास मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
नवादा, 16 जुलाई (हि.स.)। नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में दो नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ कर उनका अपहरण करने के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जमुई जिले के गरही थाना क्षेत्र के देवलाटांड़ गांव निवासी मोहम्मद अजहर उद्दीन (पिता- मोहम्मद अमानत मियां) एवं मो. दिलशाद अंसारी (पिता- मो. हारून अंसारी) के रूप में हुई है। दोनों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में नवादा भेज दिया गया। वहीं ऑटो चालक मो. हारुन अंसारी (पिता- मो. अयूब) ऑटो लेकर फरार हो गया, जबकि उसके साथ लाइनर के रूप में काम कर रहा एक अन्य युवक भी बाइक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने उसकी बाइक जब्त कर थाना ले आई है।
पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, हाई स्कूल से पढ़ाई कर लौट रही दो छात्राएं कौआकोल बाजार से एक ऑटो पर सवार हुईं। ऑटो में पहले से दो युवक बैठे थे। मधुरापुर गांव के पास दोनों युवकों ने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी, जबकि ऑटो चालक वाहन को तेज गति से जंगल की ओर ले जाने लगा। छात्राओं ने विरोध करते हुए गुआघोघरा गांव के पास शोर मचाया, जिस पर स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों छात्राओं को आरोपितों के चंगुल से मुक्त कराया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि ऑटो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद एक लाइनर बाइक से वहां पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे खदेड़ दिया। वह अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई। मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन