राष्ट्रीय अंग्रेजी शिक्षक सम्मेलन में डॉ. युगेश्वर साह की दो पुस्तकों का लोकार्पण

 




दरभंगा, 28 नवंबर (हि.स.)। अकादमिक शोध और साहित्यिक अनुवाद के क्षेत्र में सीएम साइंस कॉलेज, दरभंगा के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. युगेश्वर साह ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मगध विश्वविद्यालय, बोधगया में आयोजित 69वें ऑल इंडिया इंग्लिश टीचर्स कांफ्रेंस में उनकी दो पुस्तकों का लोकार्पण किया गया। 26 से 28 नवंबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से आए अंग्रेजी के शिक्षकों, शोधार्थियों और शिक्षाविदों की उपस्थिति में पुस्तकों का विमोचन हुआ।

डॉ. साह की पहली पुस्तक अनुवाद अध्ययन के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक आयामों पर केंद्रित अकादमिक संकलन है। जयपुर के वाईकिंग बुक्स से प्रकाशित इस पुस्तक में अनुवाद की विभिन्न अवधारणाओं, पद्धतियों और चुनौतियों पर आधारित 21 शोध आलेखों के साथ एक पुस्तक समीक्षा भी शामिल है। यह संकलन अनुवाद के क्षेत्र में अकादमिक विमर्श को समृद्ध करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

उनकी दूसरी पुस्तक 'द कॉन्टेस्ट ऑफ लाइफ' मैथिली साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकार जगदीश प्रसाद मंडल के चर्चित मैथिली कहानी-संग्रह 'प्रतिस्पर्धा' का अंग्रेजी अनुवाद है। इसमें मूल संग्रह की दस कहानियों को अंग्रेजी भाषा में प्रस्तुत किया गया है। इसके माध्यम से डॉ. साह ने मैथिली की समृद्ध कथा परंपरा को व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

इन कहानियों में मिथिला के सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन, लोकचेतना, जीवन-दर्शन और समाज के समक्ष उपस्थित विभिन्न चुनौतियों का जीवंत चित्रण मिलता है। अंग्रेजी अनुवाद के जरिए मैथिली समाज और साहित्य की संवेदनाओं को दूसरी भाषा के पाठकों के सामने रखने का अवसर मिला है। यह पहल क्षेत्रीय भाषाओं के साहित्य को व्यापक साहित्यिक संसार से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।

एक ही राष्ट्रीय मंच पर अनुवाद अध्ययन से संबंधित शोध संकलन और मैथिली कथा साहित्य के अंग्रेजी अनुवाद का लोकार्पण डॉ. साह की अकादमिक एवं साहित्यिक सक्रियता को रेखांकित करता है।

इस उपलब्धि पर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय तथा सीएम साइंस कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र सहित विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. युगेश्वर साह को बधाई दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra