एसएसबी ने नेपाल से भारत लाई जा रही 1.12 लाख भारतीय मुद्रा और डीसीएम वाहन के साथ दो व्यक्ति को किया गिरफ्तार
अररिया,26 अक्टूबर(हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल की 56वीं वाहिनी के जवानों ने सीमा सुरक्षा और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बड़ी सफलता हासिल की।वाहिनी की ए एवं जी समवाय,आईसीपी जोगबनी के सतर्क जवानों ने सोमवार को नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक डीसीएम वाहन की औचक और नियमित जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध भारतीय मुद्रा और वाहन को जब्त किया। साथ ही मौके से दो संदिग्ध व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया।
सोमवार को नेपाल गेट पर तैनात एसएसबी के जवानों ने नेपाल के विराटनगर से भारत की ओर आ रहे एक छह पहिया डीसीएम वाहन को नियमित जांच के लिए रोका।तलाशी के दौरान वाहन से कुल एक लाख बारह हजार रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की गई। जब्त नोटों में 500 रूपये के 212 नोट और 100 रूपये के 60 नोट शामिल हैं।
इस मामले में एसएसबी की टीम ने दो व्यक्तियों को मौके पर दबोचा,जिसमें उत्तरप्रदेश के उन्नाव जिला के सफीपुर के मजरा गांव का रहने वाला 32 वर्षीय सनी कुमार पिता राजाराम मोहिखेड़ा और 34 वर्षीय राकेश कुमार पिता अटल बिहारी है।गिरफ्तार दोनों व्यक्ति के पास से आधार कार्ड और वाहन के कागजात भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि वे इस वाहन और नकदी को नेपाल से समस्तीपुर ले जाने के वाहक के रूप में कार्य कर रहे थे।
एसएसबी की टीम द्वारा जब्त की गई सामग्री तथा गिरफ्तार दोनों आरोपियों को फारबिसगंज सीमा शुल्क कार्यालय के सुपुर्द कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर