सिमराहा में स्मैक के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, दो गिरफ्तार, स्मैक बरामद

 


अररिया 01 अक्टूबर(हि.स.)। सिमराहा थाना पुलिस ने स्मैक के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुरुवार को दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जितेंद्र कुमार और मोहम्मद अंजारुल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से 11 ग्राम स्मैक बरामद किया है।

सिमराहा थाना पुलिस के अनुसार, सिमराहा थाना क्षेत्र के कुशवाहा पेट्रोल पंप के समीप एक झोपड़ी में स्मैक की खरीद-बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती को मिली थी।

सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। छापेमारी दल में मनोज कुमार, संतोष कुमार, राजकुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाना लाई, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस टीम को सफलता मिली है। बरामद स्मैक और गिरफ्तार आरोपितों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में अररिया भेजा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर